मौसम का सबसे ताजा अपडेट, जानिए- कब से शुरू होगी ठंड

दिल्ली के मौसम में हो रहा बदलाव अब आगे भी जारी रहेगा। मतलब यह कि गर्मी-उमस धीरे-धीरे कम होती जाएगी और तापमान में भी बहुत इजाफा नहीं होगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह तक तो बीच बीच में मानसून की हल्की बारिश ही होती रहेगी, फिर अचानक मौसम में तेजी से बदलाव आएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग  के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून के विदा होते ही मौसम में तेजी से बदलाव आएगा और 20 अक्टूबर के बाद हवा की दिशा भी बदल जाएगी। इससे दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में हल्की ठंड का एहसास भी होने लगेगा।


मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली से मानसून की विदाई अक्टूबर के पहले सप्ताह तक होगी। हल्की बारिश से तापमान भी अपेक्षाकृत कम ही रहेगा। मौसम में बदलाव का ही असर है कि सुबह और शाम की गर्मी भी कम हो गई है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि अभी पूर्वी हवाएं चल रही हैं। लेकिन 20 अक्टूबर के बाद हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी या पश्चिमी हो जाएगी। इन हवाओं में ठंडक व नमी दोनों ही होती है। इनके प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे लगातार कमी आनी शुरू हो जाएगी।


इससे पहले शुक्रवार को दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रही। हालांकि सूरज भी सुबह ही निकल गया था, लेकिन बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। कभी धूप खिलती तो कभी छांव आ जाती। इस वजह से उमस भरी गर्मी से अपेक्षाकृत राहत बनी हुई है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 67 से 87 फीसद रिकार्ड किया गया।


मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हल्की बारिश की संभावना अगले चार पांच दिन तक लगातार बनी रहेगी। इसी वजह से मौसम थोड़ा राहत भरा रहेगा और तापमान भी 34 या 35 डिग्री से अधिक नहीं जाएगा।